संभल। गेहूं खरीद के अंतिम दिन सैंधरी क्रय केंद्र पर तौल न होने से किसान भड़क उठे। आक्रोशित किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर तौल कराने की मांग की। क्रय केंद्र प्रभारी ने बारदाना न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
मंगलवार को गेहूं खरीद का अंतिम दिन शेष था। सैंधरी क्रय केंद्र पर आसपास के लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों में गेहूं भरकर बेचने पहुंचे थे, लेकिन उनकी तौल नहीं हो सकी। उनसे कहा गया कि अब बारदाना खत्म हो गया है, इसलि तौल नहीं होगी।
इस पर किसान भड़क गए और तौल कराने की मांग के साथ प्रदर्शन करने लगे। उनकी मांग पर शीघ्र सुनवाई नहीं हो सकी। नतीजा यह रहा कि क्रय केंद्र पर तौल के इंतजार में 13 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ीं रह गईं। सभी का रजिस्ट्रेशन था और टोकन मिले हुए थे। मौके पर इलियास, जाबिर, आशीष शर्मा, अनिल कुमार, अफसार अली आदि ने कहा कि तौल के लिए इंतजार तो काफी समय से कर रहे थे, लेकिन मंगलवार को मना कर दिया। अब इस गेहूं को औने-पौने दामों में बेचना पड़ेगा।