संभल। धार्मिक मामले में आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में शुक्रवार को तमाम मुस्लिमों के व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। सब्जी मंडी के पीछे और कोतवाली के करीब कुछ दुकानें बंद रहीं। जामा मस्जिद के आसपास का मार्केट बंद रहा। कोतवाली पुलिस और पीएसी के साथ पांच थानों की पुलिस ने निगरानी रखी।
डीएम व एसपी निरीक्षण भवन में रहे और पल-पल की खबर लेते रहे। एसडीएम दीपेंद्र यादव और सीओ अरुण कुमार ने सुरक्षा के लिए भ्रमण किया। प्रमुख उलमा और मौलाना ने गुरुवार को दोपहर बैठक करके अशोभनीय टिप्पणी के मामले में विचार-विमर्श किया था। इसके बाद कुछ मुस्लिम संगठनों के नाम देते विज्ञप्ति जारी की गई थी। इसमें स्वैच्छिक बंद का आह्वान किया गया था। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन ने गुरुवार रात से ही सतर्कता बढ़ा दी थी। मुस्लिमों के जिम्मेदार लोगों से अधिकारियों ने फोन पर वार्ता की थी। इसलिए शांति व्यवस्था बरकरार रही। लेकिन लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया। जामा मस्जिद की ओर नमाज के लिए निकले तमाम लोगों ने बांह में काली पट्टी बांधी हुई थी।
वहीं बंद में मुस्लिम व्यापारी एसोसिएशन ने सहयोग दिया। साथ ही मुस्लिम समाज के तमाम लोग बंद के साथ नजर आए। व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कराने के लिए अपील करने के संबंध में किसी संगठन के पदाधिकारी या सदस्य बाजार में नहीं निकले। इसके बावजूद तमाम मुस्लिमों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। बंद के दौरान पुलिस और प्रशासन की कड़ी चौकसी रही। जिलाधिकारी संजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ निरीक्षण भवन में मौजूद रहे। साथ ही पीएसी ने भी निगरानी रखी।