संभल। तहसील परिसर में भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों और किसानों ने धरना प्रदर्शन शुरू किया है। इसमें किसानों की फसल बर्बादी का मुआवजा, गन्ना भुगतान समेत कई मांगों को पूरा करने की मांग उठी है। साथ ही तय हुआ कि 18 मार्च को दिल्ली के जंतर मंतर पर अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। शनिवार को भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों व किसानों ने तहसील प्रांगण में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
इसमें समस्याओं को लेकर नारेबाजी की गई। किसानों ने बारिश से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा दिलाने, चीनी मिलों से गन्ना बकाया भुगतान कराने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में बने शौचालयों की जांच कराने, किसानों के नलकूपों के बिजली बिल माफ किए जाने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, किसानों के खिलाफ बिजली विभाग द्वारा दर्ज रिपोर्ट को समाप्त कराने की मांग उठाई।
साथ ही मांगों के समाधान के लिए उप जिलाधिकारी राजेश कुमार को भी ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें कहा गया है कि मांगें पूरी नहीं की गईं तो 18 मार्च को दिल्ली जंतर मंतर पर जोरशोर से मुद्दा उठेगा। इस दौरान संजीव चौधरी, रणधीर, रामवीर त्यागी, सोनू चौधरी, महिदेव सिंह, योगेश, ओमपाल सिंह, साबिर, सरफराज, वीरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, अब्दुल रहमान, इकरार, सुरेंद्र सिंह, रिंकू, पप्पू सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता चौधरी नेमपाल सिंह ने की।