संभल। पवांसा सब स्टेशन पर संविदाकर्मियोें ने अवर अभियंता निधीश कुमार के विरोध में प्रदर्शन किया। अवर अभियंता पर एसएसओ को धमकाने का आरोप है। इसकी रिपोर्ट बहजोई थाने में मंगलवार को कराई जा चुकी है।
निविदा कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष अशोक त्यागी के नेतृत्व में बुधवार को कर्मचारी पवांसा पहुंचे। जिला अध्यक्ष त्यागी ने बताया कि पवांसा सब स्टेशन के एसएसओ देवरथ शर्मा को अवर अभियंता निधीश कुमार ने जान से मारने की धमकी दी है। जिसकी रिकॉर्डिंग मौजूद है। घटना की शिकायत बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दी गई। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
अगर आगे भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन के सदस्य पवांसा में धरना देकर प्रदर्शन करेंगे। जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि अवर अभियंता से फोन पर बात की गई थी। उन्हें संगठन ने घटना क्रम की जानकारी लेने के लिए पवांसा बुलाया था। लेकिन उन्होंने यह कहकर आने से इनकार कर दिया। कहा कि वह सब स्टेशन से छह किलोमीटर दूर हैं और बिजली विभाग के शिविर में होने की वजह से सब स्टेशन नही आ सकते हैं। विरोध प्रदर्शन करने वाले में अभिनंदन शर्मा पश्चिमांचल महामंत्री, नदीम जैदी जिला महामंत्री, अजय कश्यप जिला सचिव, रियाजुल, चौधरी अभिषेक, सोनू सैनी, किरनपाल, ओमपाल सैनी, अनेक सिंह सागर, देवरथ शर्मा आदि लोग शामिल रहे।
घटना गंभीर, जेई से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण
संभल। अधीक्षण अभियंता आईपी सिंह ने अवर अभियंता की ओर से एसएसओ को धमकाए जाने की घटना का संज्ञान लिया है। उनके साथ ही मुख्य अभियंता ने भी घटना को गंभीर माना है। अधीक्षण अभियंता से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में सबसे पहली कार्रवाई अवर अभियंता का स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। स्पष्टीकरण आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।