संभल में मुसिंफी के बाहर प्रदर्शन करते अधिवक्ता।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर संभल के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने सोमवार को दोपहर लाल पट्टी हाथ में बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले जिला बार एसोसिएशन संभल की आवश्यक बैठक हुई। बैठक के बाद लाल पट्टी बांधकर अधिवक्ताओं ने अपने मुद्दे उठाए और विरोध प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ कई घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं में अधिवक्ताओं की जान भी गई है पर उनके आश्रितों को कल्याण फंड से दी जाने वाली सहायता राशि नहीं मिल सकी। जबकि इसके लिए बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने प्रदेश सरकार को लिखित पत्र भी भेजा है। बार काउंसिल की मांग पर प्रदेश सरकार ने ध्यान नहीं दिया।
इसलिए बार काउंसिल के आह्वान पर जिला बार एसोसिएशन के सदस्य सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। विरोध प्रदर्शन से पहले हुई बैठक की अध्यक्षता अब्दुल जब्बार ने की। संचालन मोहम्मद इस्लाम ने किया। बैठक में सैयद गजनफर हुसैन, सैयद उरूज अनवर, गजनफर याकूब अली खां, मोहम्मद कामिल, देवेंद्र कुमार सागर, नरेंद्र सिंह, राकेश शर्मा, मसूद अली फारुखी, अब्दुल रहमान, मुख्तार फात्मा आदि ने भाग लिया।