चंदौसी। अधिवक्ता के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा की गई अभद्रता को लेकर उपजे विवाद को लेकर अधिवक्ता दूसरे दिन भी आंदोलित रहे। हालांकि अभी इस मामले में उच्चाधिकारियों की ओर से भी कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है। चंदौसी बार एसोसिएशन चंदौसी के अधिवक्ताओं ने दूसरे दिन भी न्यायिक कार्यों से विरत रहकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
अधिवक्ता कमल सिंह के खिलाफ शांति भंग होने की आशंका में चालान कर दिया था। उनके साथ अभद्रता किए जाने का भी आरोप है। इसके बाद अधिवक्ता सोमवार को भड़क गए थे। सीओ के खिलाफ बेमियादी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। उच्चाधिकारियों की ओर से विवाद के पटाक्षेप के लिए अभी तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए हैं। मंगलवार की सुबह फिर चंदौसी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष टेकचंद्र यादव की अध्यक्षता व सचिव मनोज कुमार वार्ष्णेय के संचालन में बैठक बुलाई गई। जिसमें मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन को जारी रखने का एलान किया गया।
बैठक के बाद युवा अधिवक्ता एक बार फिर सड़क पर उतर आए। कचहरी परिसर से वादकारियों को भी बाहर कर दिया गया, क्योंकि सभी अधिवक्ता हड़ताल पर हैं। कचहरी रोड पर टेंट लगाकर जाम लगा दिया गया। सड़क पर बैठ कर अधिवक्ताओं ने सीओ पूनम मिश्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने सीओ के स्थानांतरण व निलंबन की मांग की। अध्यक्ष टेकचंद यादव ने बताया कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेंगे। आंदोलन भी अनवरत जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी आधिवक्ताओं में विनोद सिंह, महेंद्रपाल, सतेंद्रपाल सिंह, ब्रजेश प्रताप सिंह, सुरेंद्र शर्मा, उमेश पटौदी, सोमेश सिंह, योगेंद्रपाल सिंह, सुरेश पुजारी, चौधरी मनवीर सिंह, शैलेंद्र चौधरी, प्रिंश चौधरी, घनश्याम अरोरा आदि शामिल रहे।
वहीं तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा की अध्यक्षता व सचिव मुकेश पाल सिंह के संचालन में हुई बैठक में कमल सिंह के मामले को लेकर चल रहे आंदोलन में चंदौसी बार एसोसिएशन का समर्थन करने का निर्णय लिया गया। व्यवहार एवं सत्र बार एसोसिएशन चंदौसी की बैठक में अध्यक्ष हरी प्रकाश शर्मा ने कहा कि जब तक अधिवक्ताओं के न्याय नहीं मिलता, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे। संचालन सचिव आबाद मियां ने किया।
वादकारियों को हुई परेशानी
अधिवक्ता के साथ अभद्रता के मामले को लेकर अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण वादकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना दूर दराज से सैकड़ों की संख्या में वादकारी आते हैं लेकिन अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य नहीं करने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
वाहन चालकों से हुई तीखी नोकझोंक
अधिवक्ता से अभद्रता किए जाने को लेकर अधिवक्ताओं ने कचहरी रोड पर जाम लगा रखा था। यहां से कुछ वाहन स्वामियों ने निकलने की कोशिश की तो अधिवक्ताओं से उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। कई वाहन चालक काफी उग्र हो गए। अधिवक्ताओं ने रोड पर ही टेंट लगाकर उक्त मार्ग को जाम कर दिया है।