चंदौसी। नगर के मोहल्ला कागजी स्थित ईओ आवास से पंजाबी मंदिर तक बन रही सड़क और नाले का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़े होने से मोहल्ले के लोग परेशान हैं। करीब दो माह बीत जाने के बावजूद मात्र 150 मीटर लंबी सड़क और नाले का काम पूरा नहीं हो सका है। निर्माण में देरी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के आरोप लगाते हुए शनिवार को मोहल्ले के लोगों ने प्रदर्शन कर जल्द काम पूरा कराने की पालिका से मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार ने 27 दिसंबर को काम शुरू किया था, लेकिन दो माह बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। निर्माण कार्य के चलते रास्ता पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया है। मोहल्लेवासियों को अपने घरों तक पहुंचने में काफी दिक्कत हो रही है, मजबूरी में लोगों ने वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था कर रखी है। आरोप लगाया गया कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है।
नाले के स्लैब में बेहद पतली सरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे उसकी मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। इस मार्ग से छोटे वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में भविष्य में हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में भी लापरवाही बरती जा रही है और घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रदर्शन में करन सिंह, अतुल दुबे, अनुज दुबे, श्रीगोपाल शर्मा, परवेज, अतीक, इमरान समेत बड़ी संख्या में मोहल्ले वाले शामिल रहे।