सौंधन (संभल)। गंगा एक्सप्रेसवे पर करेली निवासी राजकुमार की मौत के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद न मिलने पर शुक्रवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए और खिरनी मोहिउद्दीनपुर स्थित सीडीएस कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम विनय कुमार मिश्र ने पीड़ित परिवार से फोन पर वार्ता कर मदद का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। संभल कोतवाली क्षेत्र के गांव करेली निवासी राजकुमार (20) पढ़ाई छोड़ने के बाद अपने मामा अर्जुन के घर गांव रायपुर में रहकर कैलादेवी थाना क्षेत्र में बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर मजदूरी करता था। 29 जून को काम करते समय करंट लगने से राजकुमार की मौत हो गई थी। मौत होने के बाद आर्थिक मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने धरना दिया था। जिस पर सीडीएस कंपनी के अधिकारी ने आर्थिक मदद का आश्वासन दिया था। लेकिन सात दिन बीतने के बाद अभी तक पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद नहीं की गई। जिस पर गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को सीडीएस कंपनी के परिसर में धरना दिया और मुआवजे की मांग उठाई। परिजनों ने बताया कि राजकुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का खर्चा चलाता था, उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट है। कार्यदायी संस्था की ओर से मदद का आश्वासन दिया गया था लेकिन मदद अभी तक नहीं की गई है। इस दौरान मृतक के पिता राजेंद्र सिंह, मां लक्ष्मी देवी, राधेश्याम, धर्मपाल, यशपाल, नेमपाल, अजय पाल, उमेश, सुरेश, विजय पाल, रामवती, कमला देवी, कस्तूरी, भूरी देवी, नन्हें, राहुल आदि मौजूद रहे।
वर्जन
पीड़ित परिवार से फोन पर बात कर कार्यदायी संस्था से बातचीत करने का समय लिया है। मंगलवार को कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी के बाद जो भी मदद हो सकती है वह कराई जाएगी। फिलहाल लोगों ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया है। -विनय कुमार मिश्र, एसडीएम, संभल