गुन्नौर। रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार शाम गुन्नौर कस्बे में आस्था और उत्साह के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू यादव के पुत्र पार्थ यादव ने फीता काटकर किया। इसके बाद सुसज्जित झांकियों के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। इस शोभायात्रा में कुल 27 आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें भगवान राम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। शोभायात्रा में स्थानीय अखाड़ों के सदस्याें ने भी अपने करतबों से दर्शकों को रोमांचित किया। इसके साथ ही बाहर से आए कलाकारों ने नृत्य कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में निस्वार्थ सेवा समिति के प्रबंधक केवी आर्य के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई। इस दौरान गोविंद वार्ष्णेय, नीरज वार्ष्णेय, आकाश उर्फ कल्लू वार्ष्णेय, राहुल वार्ष्णेय सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संवाद