संभल। जामा मस्जिद के नजदीक स्थित सत्यव्रत पुलिस चौकी में एटीएस के अस्थायी कार्यालय बनाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को सत्यव्रत पुलिस चौकी के हॉल में एटीएस यूनिट के स्टाफ के ठहरने के लिए बेड लगाए गए हैं। जल्द ही स्टाफ के बैठने की भी व्यवस्था की जाएगी। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि संभल में कई आतंकी संगठनों के कनेक्शन सामने आ चुके हैं। इसको देखते हुए ही शासन ने संभल में एटीएस यूनिट स्थापित करने का निर्णय लिया है। फिलहाल सत्यव्रत पुलिस चौकी में अस्थायी कार्यालय संचालित होगा, जो जमीन चिन्हित की गई है। उसमें एटीएस का स्थायी भवन बनेगा। इसके लिए जो प्रक्रिया जरूरी है उसको जल्द ही पूरा किया जाएगा। एसपी ने बताया कि करीब तीन दशक से संभल में कई आतंकी संगठनों के कनेक्शन मिले हैं। इसके चलते ही एटीएस यूनिट स्थापित किए जाने का निर्णय हुआ है। जिससे अब आतंकी गतिविधियों और इस तरह की मानसिकता रखने वाले लोगों पर अंकुश लगाया जा सके।
देश की एक बड़ी खुफिया एजेंसी का भी अस्थायी कार्यालय संभल में है
आतंकी गतिविधियों के मामले सामने आने के बाद देश की एक बड़ी खुफिया एजेंसी का अस्थाई कार्यालय भी कई साल पहले बन गया था। उस खुफिया एजेंसी के अधिकारी भी सक्रिय रहते हैं। यह कार्यालय भी तब बनाया गया था जब मौलाना आसिम उमर उर्फ शन्नू को अमेरिका ने आतंकी सूची में शामिल किया था। इससे देश की सभी बड़ी खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई थीं। क्योंकि मौलाना आसिम उमर अलकायदा का दक्षिण एशिया प्रमुख था। वह 2019 में मारा जा चुका है।