बहजोई। कांवड़ के त्यौहार पर श्रद्घालुओं को सबसे अच्छी सुविधा व व्यवस्था देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तैयारी में है। समस्याओं को दूर करने का भरसक प्रयास किया जाएगा। यह बात जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मौजूद प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों समेत दूसरे जिलास्तरीय अधिकारियों तथा कांवड़ समिति आदि से जुड़े पदाधिकारियों के समक्ष कही। वह कलक्ट्रेट सभागार में कांवड़ व बकरीद के त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराए जाने को लेकर अधिकारियों व सामाजिक लोगों के साथ बैठक कर रहे थे।
शुक्रवार को दोपहर साढ़े तीन बजे करीब प्रारंभ हुई बैठक में डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा समेत जलाभिषेक को तीर्थ गंगा तट राजघाट से जल लाने वाले कांवड़ियों के स्नान आदि की व्यवस्था के लिए प्रयास शुरू किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को जिम्मेेदारी सौंपी गई है। डीएम ने कहा कि कांवड़ हो या बकरीद का त्यौहार, सभी लोग आपसी सामंजस्य और भाईचारे के साथ रहें और त्यौहारों को सकुशल शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने में प्रशासन का सहयोग करें। कोई भी समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें। इस बीच डीएम ने जिले भर के थाना वार त्यौहारों को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की।
डीएम ने जिले भर के एसडीएम, डीपीआरओ, एक्सईएन विद्युत, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, बीडीओ व ईओ समेत सभी सीओ व थाना प्रभारियों व यातायात प्रभारी आदि अधिकारियों को दोनों त्यौहारों के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सड़के व यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। इस बीच डीएम ने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को मंदिर कमेटी, पुरोहित व ग्राम प्रधान से बातचीत करने के भी निर्देश दिए। एसपी यमुना प्रसाद ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजघाट पर श्रद्घालुओं के स्नान आदि के लिए बेरीकेटिंग समेत तैराकों व नाव आदि की व्यवस्था रखें।
कांवड़ियों के रहने व सोने की व्यवस्था पर ध्यान दें। एसपी ने बताया कि पीआरवी समेत स्थानीय पुलिस व सादा कपड़ों में भी पुलिस के कर्मियों की तैनाती रहेगी। मंदिरों पर बेरीकेटिंग के साथ साथ वॉच टॉवर से निगरानी कराई जाएगी। इस बीच एडीएम लवकुश कुमार त्रिपाठी समेत दूसरे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी संबोधित किया। वहीं सादातबाड़ी के ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार विटटन की ओर से मंदिर पर मेले के दौरान विद्युत व्यवस्था सुुचारू रखने तथा बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अजय शर्मा की ओर से संभल में अतिक्रमण हटाए जाने की मांग रखी गई।