बहजोई। आंधी व बारिश से करीब पांच घंटे बिजलीघर से जुड़े टाउन वन फीडर के पांच सौ से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस बीच, उपभोक्ताओं के जरूरी काम-काज भी प्रभावित रहे।
शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे तेज आंधी व बारिश से टाउन वन के कुरेशियान, पजाया रोड, ईदगाह कॉलोनी व फैक्टरी कॉलोनी आदि मोहल्लों के करीब पांच सौ से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई। पहले तो उपभोक्ताओं ने कुछ देर तक इंतजार किया। जब काफी देर तक उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिली तो उन्होंने बिजलीघर से जानकारी ली। इसमें सामने आया कि तेज आंधी व बारिश से फाल्ट के चलते बिजली आपूर्ति गुल हो गई है।
जेई विद्युत रोहित कुमार वरुण ने बताया कि तेज आंधी व बारिश से बिजलीघर परिसर में लगे केबल बक्से में फाल्ट हो गया। इसके चलते इन मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसके बाद फाल्ट ठीक करके शाम करीब छह बजे इन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई।