असमोली क्षेत्र के टांडाकोठी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 20 गांवों में आठ दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली न आने से लोग खासे परेशान हैं। साथ ही फसलों की सिंचाई भी बाधित है। इससे नाराज किसानों ने बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया और आपूर्ति देने की मांग की।
शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र टांडाकोठी पहुंचे किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि आठ दिन से बिजली नहीं मिल रही है, इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फसलें सूख रही हैं। किसानों ने बताया कि अवर अभियंता और एसडीओ देहात से बात करनी चाही लेकिन, किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। उपकेंद्र से जुड़े देहरी जग्गू और खासपुर गांव के उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें आठ दिन से मोबाइल चार्ज करने के लिए भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाई है। घरों में पेयजल की किल्लत खड़ी हो गई है। पशु भी इससे अछूते नहीं हैं। समय पर भरपूर पानी न मिलने से फसलें भी सूखने लगी हैं। जिससे आम उपभोक्ता और किसान दोनों ही परेशान हैं।
दो दर्जन गांवों में बिजली की समस्या तार टूटने से बनी है। तार जोड़कर लाइन को चालू कराया तो मशीन फूंक गई। इस मशीन को ठीक करने के लिए मेरठ से इंजीनियर आएंगे। शनिवार की दोपहर तक आपूर्ति मिल सकेगी।
राममिलन यादव, अवर अभियंता, विद्युत उपकेंद्र, टांडाकोठी