संभल। बिजली कटौती पर भड़के सफाई शनिवार की दोपहर तहसील पहुंच गए। उप जिलाधिकारी को घेरकर बिजली की समस्या उठाई। संभल, सरायतरीन, हयात नगर में शनिवार की सुबह से दोपहर तक बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग पानी के लिए तरस गए। जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिलाध्यक्ष फिरोज खां के नेतृत्व में अपनी अपनी गाड़ियों से अचानक तहसील मुख्यालय पहुंच गए। एसडीएम उस समय कहीं जाने की तैयारी में थे लेकिन सपाइयों को देखकर वह रुक गए। इसके बाद सपाइयों ने उन्हें घेर लिया। कार्यकर्ताओं ने बिजली समस्या पर गुस्सा जाहिर किया।
एसडीएम ने तत्काल बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को फोन मिलाया और उनसे बिजली ठप होने का कारण पूछा। अधिशासी अभियंता ने उप जिलाधिकारी को बताया कि विद्युत के ट्रांसमिशन डिवीजन में शटडाउन ले रखा है तकनीकी कार्य होने की वजह से बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। इस पर एसडीएम ने कहा कि जब अलम का जुलूस है और तमाम लोगों को जुलूस में शामिल होने के लिए जाना है।
ऐसे समय में अचानक बिजली क्यों बंद कर दी गई। इस पर अधिशासी अभियंता ने कहा कि तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए जरूरी काम कराए जाने थे। इसलिए शट डाउन लिया गया। एसडीएम ने अधिशासी अभियंता को चेतावनी देते हुए कहा कि अचानक बिजली बंद करना गलत है। शहर की बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। शट डाउन जब भी लें तो पहले से जनता को अवगत कराएं। उन्हें भी सूचित करें।