हसनपुर। गांव सोहरका निवासी पॉलिटेक्निक छात्र नितिन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। वह सुबह घर से एडमिट कार्ड लेने जाने की बात कहकर निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार रात परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर छात्र की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
सोहरका निवासी नितिन गजरौला स्थित आईएमएस संस्थान से पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा है। परिजनों के मुताबिक, वह सुबह एडमिट कार्ड लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था। रास्ते में कालाशहीद स्थित एक बर्तन की दुकान पर उसने अपना मोबाइल फोन बाईखेड़ा निवासी फुफेरे भाई कलुआ को दे दिया और खुद को सुखदेवी इंटर कॉलेज तक छोड़ने को कहा। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। नितिन दो भाइयों में बड़ा है। करीब दो वर्ष पूर्व उसके पिता एवं बीडीसी सदस्य सतपाल की हत्या हो गई थी। बेटे के लापता होने से मां क्रांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार बेहद चिंतित है। मंगलवार रात परिजन और ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि छात्र की खोजबीन की जा रही है।