बहजोई। विधानसभा चुनाव संपन्न कराने को लेकर जिलेभर के 1810 मत बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। रविवार को बहजोई-रजपुरा मार्ग स्थित नई रिजर्व पुलिस लाइन परिसर के मैदान से पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। इस बीच डीएम व एसपी पल-पल की खबर लेते रहे। वहीं प्रेक्षकों ने भी मौके पर पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी की व्यवस्था का जायजा लिया।
रविवार सुबह से ही मतदान कर्मियों समेत दूसरी व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों का पोलिंग रवाना स्थल पर पहुंचना प्रारंभ हो गया। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र वार लगे पंडालों में मतदान कार्मिकों की टीम के हस्ताक्षर कराकर ईवीएम समेत दूसरी चुनाव सामग्री देकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया। विधानसभा क्षेत्र सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी अपने साथ मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय समेत पुलिसकर्मियों की टीम और ईवीएम समेत दूसरी सामग्री लेकर अपने-अपने वाहनों से मत बूथों के लिए रवाना हो रहे थे।
दोपहर बाद तक यह सिलसिला रहा। डीआईओएस मनोज कुमार आर्य ने बताया कि कुल 1810 मत बूथों व 2 अतिरिक्त बूथों के लिए एक पीठासीन अधिकारी समेत मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय समेत पुलिस टीम को रवाना किया गया। इसके अलावा 181 पोलिंग पार्टियों रिजर्व में रहीं। वहीं 500 मतदान कर्मी अतिरिक्त रिजर्व में रहे।