ओबरी (संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू में बिना अनुमति के दोनों वर्गों के लोगों द्वारा कराए जा रहे धर्मस्थलों के निर्माण को पुलिस ने रोकवा दिया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में निर्माण सामग्री भी बरामद की है। निर्माण में लगे दोनों पक्षों के 15 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका परकार्रवाई की गई है। असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू में दोनों वर्गों के लोग प्रशासन की बगैर अनुमति के अपने-अपने धर्मस्थलों का निर्माण करा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मस्जिद पर निर्माण कार्य की अनुमति के कागज मांगे, तो वह नहीं दिखा सके। जबकि पास ही मंदिर पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकते हुए अनुमति दिखाने को कहा तो निर्माण करा रहे लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने मौके से लेखराज, सोमपाल, सियाराम, उमेश, रामवीर, बोबी सिंह जबकि मस्जिद पर निर्माण करा रहे मुस्लिम, अयूब, जाफर, मम्मन, नन्हे, यूनुस हाजी, यासीन, बाबू, गुलहसन समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया। असमोली थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी है। बगैर अनुमति धार्मिक स्थल का निर्माण करने की इजाजत किसी को नहीं है।