किसान की लाठी डंडे से पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अभी इस मामले में तीन आरोपी फरार हैं।
बनियाठेर थानाध्यक्ष कर्मपाल सिंह ने बताया कि बुधवार की रात क्षेत्र के गांव अल्लीपुर बुजुर्ग उर्फ बड़ा गांव में शराब पीने के लिए रुपये देने से मना करने पर किसान नेमपाल की डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। किसान की पत्नी ने शोफी सिंह उर्फ राकेश, उसकी पत्नी, बेटी व मां के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि गांव अल्लीपुर बुजुर्ग में किसान की हत्या का आरोपी भागने की फिराक है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शोफी सिंह उर्फ राकेश को मझावली चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। बुधवार की रात शराब पीने के लिए नेमपाल से रुपये मांगे थे। उसने रुपये देने से मना कर दिया। गुस्से में मैंने उसकी डंडे से पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष बनियाठेर कर्मपाल सिंह ने बताया कि आरोपी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा मझावली रोड पुलिया के पास से बरामद कर लिया है। बाद में आरोपी को जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।