चंदौसी (संभल)। मुरादाबाद रोड धन्नूमल तिराहा के निकट चल रहे स्पा सेंटर में देह व्यापार की सूचना पर 112 पुलिस और मंडी चौकी पुलिस महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर कुछ नहीं मिला। जिससे पुलिस बैरंग लौट गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
बृहस्पतिवार की शाम चार बजे प्राइवेट बिजलीकर्मी हर्षित कुमार मुरादाबाद रोड धन्नूमल तिराहा के पास स्पा सेंटर में देह व्यापार होने की सूचना डायल 112 को दी। उसने कहा कि स्पा सेंटर में इस समय 4-5 युवक व युवतियां मौजूद हैं। सूचना के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिला पुलिसकर्मी न होने की वजह से कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मंडी चौकी पुलिस महिला पुलिसकर्मी के साथ पहुंची और स्पा सेंटर में छानबीन की, लेकिन वहां युवक और युवतियां नहीं मिलीं। लड़कियों के कपड़े पड़े हुए थे। स्पा सेंटर संचालक ने आरोपों को निराधार बताते हुए पुलिस को बताया कि बिजली कर्मी यहां आकर बेवजह झगड़ा करने लगा।
स्पा सेंटर में युवक-युवतियों के होने की सूचना 112 पुलिस को मिली थी। पुलिस को मौके से कुछ नहीं मिला है। फिलहाल सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं। -मोहित चौधरी, प्रभारी निरीक्षक, चंदौसी