संभल। बहजोई डाकघर के डाक सहायक दीपक कुमार के बैंक खातों को पुलिस ने अब खंगालना शुरू किया है। आरोपी के पीएनबी बैंक के खाते में 4.52 करोड़ रुपये जमा करने और निकासी का प्रमाण मिला है। साथ ही आरोपी के एक अन्य बैंक और डाकघर के खाते का डाटा मांगा है।
बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि डाकघर के खाते की जानकारी मांगी है लेकिन अभी मिली नहीं है। आशंका है कि उसमें महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी। वहीं, बहजोई डाकघर के कार्यवाहक प्रभारी भानू प्रताप ने बताया कि सर्वर की समस्या के चलते डाटा पुलिस को उपलब्ध नहीं करा सके हैं। जल्द ही खाते की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि उच्च अधिकारियों ने भी डाकघर के खाताधारकों की छानबीन शुरू की है। 10 से ज्यादा शिकायत तो यह मिल चुकी हैं कि उनके खाते से रुपये डाक सहायक ने निकाल लिए हैं। इन सभी आरोप की जांच के लिए भी खातों की छानबीन होना जरूरी है।
0000
डाक सहायक के खाते में तीन माह पहले हुआ था 4.52 करोड़ का लेनदेन
जनवरी से छह मार्च तक 4.52 करोड़ रुपये डाक सहायक के खाते में जमा किए गए थे। इस अवधि में ही रुपये निकाले गए। इसकी जानकारी वित्त मंत्रालय द्वारा पुलिस को भेजी गई थी। पुलिस की जांच में जब संदिग्ध लेनदेन पाया गया तो बहजोई थाने में तैनात दरोगा अपर्णा बंसल ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद से ही आरोपी डाक सहायक भागा हुआ है। पुलिस की दो टीमें तलाश कर रही हैं। आरोपी ने रुपयों के लेनदेन अपने मित्र व परिजनों के बताए थे और ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने की बात पुलिस को बताई थी लेकिन जिस एप के माध्यम से यह लेनदेन होना बताया गया था वह एप वर्ष 2025 में ही बंद हो चुकी है। इस छानबीन के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया गया था। हालांकि अब धोखाधड़ी से जुड़े भी मामले प्रकाश में आ रहे हैं। कई खाताधारक सामने आ चुके हैं जिनका आरोप है कि उनके खाते से रुपये निकाले गए हैं।
0000000