फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: पुलिस बोली, उपद्रवियों ने तीन अलग-अलग बोर की पिस्टल से की थी फायरिंग

Sat, 07 Dec 2024 02:09 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
संभल। पुलिस का कहना है कि जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में विदेशी कारतूस का इस्तेमाल हुआ था, यह स्पष्ट हो गया है। जांच में यह भी पता चला है कि बवाल में तीन अलग-अलग बोर की पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, पुलिस को अभी तक इन पिस्टल और इनका इस्तेमाल करने वाले उपद्रवियों की जानकारी नहीं मिली है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि दो एसआईटी टीम मामले की जांच कर रही हैं। एसआईटी आरोपियों की तलाश में लगी है।
विज्ञापन

एसपी ने बताया कि दो कारतूस और आठ खोखे मिले हैं। जिसमें 9एमएम बोर का एक कारतूस और एक खोखा पाकिस्तान निर्मित है। जबकि, 7.65 एमएम का एक कारतूस और एक खोख, 312 बोर का एक कारतूस और तीन खोखे अमेरिका निर्मित हैं। .32 बोर के दो खोखे मिले हैं वह भारत निर्मित हैं या विदेशी इसकी छानबीन फॉरेंसिक टीम कर रही है।
एसपी ने बताया कि यह सभी कारतूस और खोखे जामा मस्जिद के पीछे टंकी रोड से नीम वाली जियारत तक बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को नमाज के चलते छानबीन टीमों द्वारा नहीं की गई है। शनिवार को फिर से छानबीन कराई जाएगी। मालूम हो 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान उपद्रव किया गया था। जिसमें पुलिस पर पथराव और फायरिंग की गई थी। इसी दौरान पिस्टल का भी इस्तेमाल किया गया। बवाल के बाद छानबीन करने पहुंची एसआईटी को यह कारतूस और खोखे मिले हैं।
विज्ञापन

शस्त्र लाइसेंस धारकों का भी डाटा खंगाला जाएगा

जामा मस्जिद सर्वे के दौरान बवाल की चपेट में मोहल्ला कोटगर्वी, नखासा तिराहा और हिंदूपुरा खेड़ा आया है। इस इलाके में 20 हजार से ज्यादा आबादी है। इन तीनों ही इलाके में शस्त्र लाइसेंस भी काफी हैं। इन सभी लाइसेंस धारकों का डाटा निकाला जाएगा। एसपी ने बताया कि इन लाइसेंस धारकों से कारतूस इस्तेमाल का हिसाब लिया जाएगा। जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इन लाइसेंस धारकों के कारतूस तो बवाल में इस्तेमाल नहीं किए गए हैं। इस छानबीन को भी एसआईटी ही करेगी।
दुकानों से कितने कारतूस बिके, इसकी भी होगी जांच

शहर में शस्त्र लाइसेंस के लिए कारतूस बिक्री की तीन दुकानें है। इसके अलावा जिलेभर में भी काफी दुकानें है। पहले संभल शहर और बाद में जिले की दुकानों से हिसाब लिया जाएगा कि किस शस्त्र लाइसेंस धारक को कितने कारतूस की बिक्री की गई है। उससे भी मिलान किया जाएगा। जिससे बिक्री और खपत का मिलान किया जा सके। इसके लिए भी पुलिस की एसआईटी छानबीन शुरू करेगी।
विदेशी कारतूस और खोखे की बैलिस्टिक्स विशेषज्ञ करेंगे जांच


पुलिस की फॉरेंसिक टीम द्वारा बवाल के इलाके से जो कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। उनको सील कर दिया गया है। यह खोखे और कारतूस जांच के लिए बैलिस्टिक्स विशेषज्ञों के पास जाएंगे। उसके बाद इनकी जानकारी सामने आएगी। एसपी ने बताया कि बैलिस्टिक्स विशेषज्ञ के जो रिपोर्ट देंगे उसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें