संभल के बनियाठेर के गांव जनेटा में दरगाह शरीफ पर उर्स के दौरान लगी दुकानों को हटवाती पुलिस। संव
बनियाठेर(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव जनेटा में दरगाह शरीफ पर शनिवार को ग्यारहवीं शरीफ के उपलक्ष्य में एक दिवसीय उर्स का आयोजन किया गया। इस दौरान बिना अनुमति के उर्स में लगीं दुकानों को पुलिस ने डंडा फटकार कर हटवा दिया। पुलिस के अनुसार इस बार उर्स अनुमति नहीं थी। दरगाह के मुतवल्ली सैयद शाहिद मियां ने बताया कि ईशा की नमाज के बाद फातिहा पढ़ी गई। मजार पर अकीदतमंदों ने बड़ी तादाद में पहुंच कर चादरपोशी कर जायरीनों ने हाजिरी देते हुए मुल्क व कौम की तरक्की की दुआएं मांगी। इसके बाद लंगर का कार्यक्रम हुआ। इस साल इसकी परमिशन न मिलने के कारण दरगाह के आसपास लगीं दुकानों को पुलिस ने हटवा दिया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष रोशन अली ने बताया की एक दिवसीय उर्स का आयोजन किया जा रहा था। इसकी परमिशन नहीं ली गई थी। वहां दरगाह शरीफ के आसपास बड़ी संख्या में मिठाइयों, पकौड़ियों और बिसातखाने की दुकान लगा रखी थीं।
चौकी इंचार्ज नरौली देहात संजय शर्मा ने सुबह से ही दुकान हटाने के निर्देश दिए थे परंतु जब दुकान नहीं हटी तो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बलपूर्वक दुकानें हटवाई गईं।