कुढ़फतेहगढ़(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव दारनी में 14 फरवरी की रात घर के बाहर खड़ा चोरी हुआ जेनरेटर बदायूं जनपद के बिसौली थाना के गांव गहरा से बरामद हुआ। पुलिस जेनरेटर को थाने ले आई। जबकि आरोपी ने जनरेटर पुलिस कर्मी से खरीदे जाने की बात कही है। जिसकी वीडियो क्लीपिंग भी आरोपी के पास है।
गांव दारनी निवासी आनंद पाल सिंह लाइट व डेकोरेशन का कार्य करता है। 14 फरवरी की रात आनंदपाल सिंह का जेनरेटर घर के बाहर से चोरी हो गया था। उसने जेनरेटर चोरी की तहरीर थाने में दी थी। इसके बाद आनंदपाल सिंह का जेनरेटर बदायूं जनपद के थाना बिसौली के गांव गहरा के एक घर में मिला। पीड़ित ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेनरेटर को कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने जेनरेटर पुलिस कर्मी से खरीदा है जिसकी वीडियो क्लिपिंग उसके पास है। वीडियो क्लिपिंग में पुलिस कर्मी जनरेटर को अपना बता रहा है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।