बहजोई। निष्पक्ष चुनाव कराना सभी की जिम्मेदारी है। सभी थानों से शस्त्र जमा कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार तक करीब 70 प्रतिशत लाइसेंसी शस्त्र जमा करा लिए गए हैं। यह बात जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कही।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सभी उपद्रवियों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए कहा गया है। चुनाव के दौरान शांतिभंग करने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहीं भी रुपया, कपड़ा व शराब आदि बांटे जाने की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ऐसा मामला सामने आने पर संबंधित एसडीएम व सीओ से भी शिकायत कर सकते हैं। डीएम ने कहा कि विकासखंड स्तर पर चुनाव की तैयारियां तेजी से पूरी करने के लिए कहा गया है। बूथ पर भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कि मतदान के समय मतदाताओं को कोई दिक्क्त न हो। चुनाव को लेकर जिले में सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी।