संभल। ऑनलाइन सट्टेबाज गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई है। 73 बैंक खातों में 30 लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं। यह कार्रवाई अभी आगे बढ़ रही है। पुलिस ने सट्टेबाज गिरेाह के सदस्यों की गिरफ्तारी के दौरान अलग-अलग बैंक खातों के 183 चेक बरामद किए थे। इनकी जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की है।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि सीओ आलोक भाटी के नेतृत्व में चार टीमें जांच कर रही हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। यह ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह देश के कई राज्यों में फैला है। इसकी कड़ी से कड़ी जोड़कर कार्रवाई की जानी है। कई सौ करोड़ रुपये हड़पने की आशंका है।
एसपी ने बताया कि अलग-अलग बैंक के चेक और डेबिट व क्रेडिट काट की जांच टीमें कर रही हैं। संबंधित बैंक शाखाओं से भी संपर्क किया जा रहा है। इससे इन खाताधारकों तक पहुंचा जा सके। इसमें यह भी स्पष्ट करना है कि जो क्रेडिट-डेबिट कार्ड मिले हैं वह म्यूल अकाउंट के हैं या गिरोह के सदस्यों के हैं। इसी तरह चेक की भी जांच चल रही है। बताया कि चंदौसी के संभल गेट निवासी दीनदयाल और उनकी पत्नी के खाते में जो लेनदेन किया गया है। वह धनराशि किन खातों में भेजी गई है। इसकी भी जांच कराई जा रही है। बताया कि दीनदयाल के खाते से 1.70 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी मीना के खाते से 1.69 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है।
00000000
इंगित कोहली भी नहीं बता सका गिरोह की सही जानकारी
ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाली एजेंसी का ब्रांच हेड हरियाणा का मूल निवासी व हाल चंदौसी के पंजाबी कॉलोनी निवासी इंगित कोहली है। वह भी पुलिस को गिरोह के बारे में पूरी जानकारी नहीं दे सका। बस इतना ही बता सका है कि इस गिरोह के तार देश के कई राज्यों तक फैले हैं। पुलिस ने इंगित कोहली के अलावा बदायूं के गांव कोठा निवासी ऋषिपाल यादव, चंदौसी के बह्म बाजार निवासी अमित वार्ष्णेय, पंजाब के जिला फाजिलका निवासी पवन कुमार और नेपाल के जिला कंचनपुर निवासी पुष्कर सारकी को जेल भेजा है। इन आरोपियों से की गई पूछताछ के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ रही है।
00000000000000
चार टीमों को जांच में लगाया गया है। 73 बैंक खातों में जमा 30 लाख रुपये फ्रीज करा दिए गए हैं। आगे की छानबीन जारी है। जो खाते फ्रीज कराए हैं, इन खाताधारकों तक भी पहुंचा जाएगा। जिससे सही जानकारी सामने आ सके। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल