कोर्ट में पेश होने के लिए लाई गई विदेशी महिला
- फोटो : संवाद
फिरौती के एक मामले में आरोपी विदेशी महिला को दिल्ली की तिहाड़ जेल से सोमवार को चंदौसी लगाया गया। यहां ईद अवकाश होने के कारण अब उसे मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। लिहाजा महिला को मुरादाबाद जेल भेजा गया है। मामला चंदौसी के एक परिवार से जुड़ा है।
बता दें कि फिरौती के एक मामले में विदेशी महिला सहित एक पुरुष के विरुद्ध मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। जिसमें 17 मार्च की तिथि नियत थी। 17 मार्च को आगामी तिथि 31 मार्च लगा दी गई। परंतु 31 मार्च को ईद का अवकाश होने के कारण न्यायालय बंद रहे।
दिल्ली पुलिस नियत तिथि पर विदेशी महिला वेनिता गिफ्ट ऐजीना को तिहाड़ जेल से सुनवाई के लिए सोमवार को जिला न्यायालय पहुंची। सूत्रों से ये भी पता चला है कि दिल्ली का मुकदमा निपट जाने के कारण आरोपी विदेशी महिला को मुरादाबाद जेल में स्थानांतरित किया गया है। 31 मार्च का अवकाश होने के कारण नियत मुकदमों में सुनवाई की तिथि अगले दिन मंगलवार को होगी।
ये था मामला
चंदौसी के बड़ा बाजार सब्जी मंडी के रहने वाले राकेश कुमार ने एक तहरीर आठ फरवरी 2024 को एसपी संभल को दी थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि 11 अक्टूबर 2023 को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप ऑडियो कॉल विदेशी नंबर से आई थी। कॉल करने वाली एक महिला थी। जिसने अपना नाम बारा सुसेन बताया।
महिला ने फिरौती की मांग करते हुए उसे व उसके परिवार का अपहरण कर हत्या करने की धमकी दी। पीड़ित ने कॉल पर ध्यान नहीं दिया तो उसके पूरे परिवार की फोटो व वीडियो व्हाट्सएप पर भेजे। जिससे वह काफी घबरा गए। इसके बाद महिला ने विभिन्न खातों में रुपये डालने का कहा।
जिससे पीड़ित ने भयवश होकर अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी और रिश्तेदारों से उधार लेकर 12 लाख से अधिक रुपये खातों में डाल दिए। इसके बाद भी आरोपी और रुपयों की मांग करते रहे। जिससे तंग आकर उसने एसपी से शिकायत की थी। इसका मुकदमा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में विचाराधीन है।