घटन के बारे में जानकारी देते एसपी केके विश्नोई
- फोटो : पुलिस
रजपुरा थाना पुलिस ने हत्या और लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में लगे छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिस्टल, दो तमंचे और 9 कारतूस बरामद किए हैं। बदमाशों ने बरेली के किसी व्यक्ति की भी हत्या की सुपारी ले रखी थी।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पकड़े गए गिरोह में दो बदमाशों का लंबा अपराधिक इतिहास मिला है। हत्या, डकैती और लूट जैसे गंभीर अपराध किए हैं।
सोमवार को एसपी ने अपने बहजोई स्थित कार्यालय में खुलासा करते हुए बताया कि गुन्नौर ब्लॉक की ग्राम पंचायत रसूलपुर निवासी धर्मवीर उर्फ बाबू जी यादव की दुश्मनी अपने गांव के ग्राम प्रधान तेजपाल से है।
ग्राम प्रधान की हत्या के लिए ही धर्मवीर उर्फ बाबू जी यादव ने बरेली के थाना सुभाषनगर अंतर्गत अंगूरी टांडा निवासी रबिया उर्फ रवि, थाना इज्जतनगर अंतर्गत ड्रीम होम कर्मचारी निवासी करनवीर को बुलाया था। इस घटना में इस्तेमाल होने वाली पिस्टल बरेली के थाना सुभाषनगर अंतर्गत बगिया करेली रोड निवासी सरफराज ने उपलब्ध कराई थी।
एसपी ने बताया कि हत्या के अलावा गवां से संभल जाने वाले एक सराफ कारोबारी से लूट का भी मंसूबा तैयार किया था। रेकी के लिए गांव रसूलपुर निवासी भूरा और राकेश को लगाया गया था। एसपी ने बताया कि रविवार की शाम को रजपुरा थाना पुलिस गश्त कर रही थी।
इसी दौरान एक बाइक पर तीन लोग हेलमेट लगाए हुए दिखाई दिए। शक होने पर पूछताछ करते हुए तलाशी ली तो एक 32 बोर पिस्टल, दो तमंचे और 9 कारतूस बरामद हुए। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्या और लूट की घटना को अंजाम देने के मंसूबे की जानकारी दी।