गुन्नौर(संभल)। बदायूं दिल्ली मार्ग पर गांव जगन्नाथपुर के पास अगले पहिये में पंक्चर होने से पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और पेड़ से टकरा गई। हादसे में पिकअप में सवार 15 मजदूर चोटिल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। एक मजदूर को रेफर कर दिया तथा अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
गुन्नौर क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर से आगे एक कोल्ड स्टोरेज है। वहां पर काम करने के लिए रोजाना बहजोई, बमनेटा व आसपास के मजदूर काम करने के लिए पिकअप से आते हैं। पिकअप गाड़ी बहजोई के मोहल्ला कुरैशियान निवासी नदीम है। बृहस्पतिवार की शाम को सभी मजदूर काम करके पिकअप गाड़ी से वापस जा रहे थे। गांव जगन्नाथपुर से निकलने के बाद पेट्रोप पंप के नजदीक पिकअप के आगे के पहिये में पंक्चर हो गया। पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई और पेड़ से टकरा गई। पिकअप में 15 मजदूर सवार थे। गाड़ी पलटने से वहां चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर राहगीर रुक गए और पुलिम को सूचना दी। पीछे की बॉडी खुली होने के कारण सभी मजदूर स्वयं बाहर निकल आए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस, शीतगृह के मालिक की गाड़ी से सीएचसी गुन्नौर भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गांव बमनेटा निवासी रोहित को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि अन्य मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रोहित पिकअप में चालक के पास आगे बैठा था।
ये मजदूर हुए घायल
बहजोई के मोहल्ला टंकी निवासी समसुल, नारायण टोला निवासी राजू, अलीगढ़ के मंजर गढ़ी निवासी अरमान, बवनेटा निवासी वेद प्रकाश, कुरैशियान निवासी चालक नदीम, बहजोई निवासी सलीम, गांव बवनेटा निवासी रोहित, बहजोई निवासी भुवनेश, राजेश, मोहल्ला टंकी निवासी रवि, मोहल्ला बंबा निवासी महेश, चंदौसी निवासी जगदीश, मोहल्ला काली मंदिर निवासी रिंकू, बवनेटा निवासी नंदकिशोर, मोहल्ला टंकी निवासी ताज मोहम्मद घायल हुए।