बहजोई (संभल)। हाईवे पर पलटी हुई गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाते समय पिकअप वाहन की टक्कर से बहजोई कोतवाली में तैनात कांस्टेबिल राहुल कुमार व रईसुद्दीन घायल हो गए। दोनों घायल सिपाहियों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सिपाहियों को हायर सेंटर मेरठ के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसा रविवार को सुबह पांच बजे करीब गांव अचलपुर के निकट हुआ।कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सुबह तड़के पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई-चंदौसी के बीच गांव अचलपुर के निकट एक गन्ने से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई है। इस पर दोनों सिपाही हाईवे पर पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवा रहे थे। तभी अचानक एक पिकअप ने दोनों सिपाहियों को टक्कर मार दी और दोनों सिपाही घायल हो गए। इसके बाद कुछ देर में ही चंदौसी की ओर से आ रहे थाना चंदौसी की ओर से आ रही एक बाइक भी पलटी हुई गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। इससे बाइक पर सवार गांव मई निवासी राहुल व ओमवीर भी घायल हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायल राहुल को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। कोतवाल ने बताया कि जिला बदायूं के थाना बिसौली के गांव बीरमपुर निवासी चालक मोहर सिंह समेत पिकअप पुलिस के कब्जे में है।