कालाबाजारी और मिलावट की शिकायत पर उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी ने पूर्ति निरीक्षकों के साथ शहर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के केरोसिन के थोक विक्रेता सुभाष रोड स्थित फिलिंग स्टेशन पर छापेमारी की गई लेकिन पंप संचालक नहीं मिले व स्टाफ टीम को देखते ही भाग गया।
वहीं अभिलेखीय व स्टाक निरीक्षण नहीं हो पाने के कारण केरोसिन गोदाम को सील कर दिया गया। किसी के नहीं मिलने पर पंप की जांच नहीं हो पाई। छापेमारी के दौरान मालगोदाम रोड स्थित दो केरोसिन वितरकों का भी निरीक्षण किया गया लेकिन वहां स्टाक पूरा मिला।
केरोसिन थोक विक्रेताओं पर लापरवाही बरतने, पूरा तेल नहीं देने, कालाबाजारी करने आदि शिकायतें मिल रही थी। इस पर एसडीएम अमित कुमार व सीओ अभिषेक यादव ने तहसीलदार न्यायिक अखिलेश गुप्ता, आपूर्ति निरीक्षक मुकेश रस्तोगी व पुलिस बल के साथ शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे सुभाष रोड स्थित रामचंद्र बाबूराम फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे।
जिनका केरोसिन गोदाम भी है। टीम को देखते ही फिलिंग स्टेशन पर तैनात स्टाफ मौके से फरार हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक प्रशासन संचालक से संपर्क करने का प्रयास करते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन ने केरोसिन गोदाम को सील कर दिया। किसी के नहीं मिलने पर पेट्रोल पंप की जांच नहीं हो पाई।
इसके बाद मालगोदाम रोड स्थित केरोसिन के वितरक सोनू के कार्यालय पर टीम पहुंची। अभिलेखों की जांच की गई। स्टाक और वितरण का मिलान किया गया। टैंक में गेज से माप ली गई। सब कुछ ठीक ठाक मिलने की बात कही गई। इसके बाद धन्नूमल सिपाही लाल फिलिंग स्टेशन पर केरोसिन का स्टाक चेक किया गया।
अभिलेखों का स्टाक से मिलान किया गया। प्रशासन की छापेमारी से खलबली मच गई। पूरी कवायद के दौरान लोगों में उत्सुकता बनी रही। चर्चाओं का बाजार बना रहा।