सरायतरीन। पवांसा सब डिवीजन के परिसर में बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे भाकियू अराजनैतिक संगठन के बैनर तले लोगों ने धरना दिया। आरोप लगाया कि सब डिवीजन क्षेत्र के पांच बिजलीघरों से जुड़े गांवों में आपूर्ति ठप है। जिम्मेदार फोन रिसीव करने तक तैयार नहीं है। इससे आक्रोशित लोगों ने तीन घंटे तक धरना दिया। बाद में एसडीओ देहात अखिलेश कुमार को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। जल्दी ही समस्या का समाधान कराने की मांग उठाई। समाधान न होने पर बड़े स्तर का आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी।
भाकियू अराजनैतिक संगठन के जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव ने बताया कि सब डिवीजन के पांच बिजली घर क्षेत्र में बिजली सप्लाई की व्यवस्था पूरी तरीके से फेल है। जिससे किसानों की हजारों बीघा मक्का की फसल सूख रही है। लगातार किसानों के द्वारा किसी विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। किसान मक्का की फसल की सिंचाई को लेकर चिंतित हैं। किसानों के द्वारा होने वाले फोन भी विद्युत निगम के अफसर नहीं उठा रहे। जब अधिकारियों के द्वारा ही फोन रिसीव नहीं किए जाएंगे तो किसान अपनी शिकायत कैसे करेंगे। बताया कि कैलादेवी बिजलीघर क्षेत्र में 13 मई को तेज आंधी और बारिश में लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जो 9 दिन बीत जाने के बाद भी सही नहीं हो सकी। जल्दी ही समस्या का समाधान नहीं होता है तो मक्का की फसल में हुए नुकसान की भरपाई की भी मांग उठाई जाएगी। इस दौरान युवा मंडल अध्यक्ष वीरेश यादव, शीशपाल सिंह यादव, किशनपाल सिंह राणा, सत्यवीर सिंह यादव, भान सिंह यादव, ओमसरन यादव, शंकर सिंह आर्य, जसवीर सिंह, जितेंद्र यादव, भूरे सिंह, रामजीमल यादव, जयपाल यादव, हुकम सिंह, सत्यपाल यादव आदि रहे।