बहजोई। चकमार्ग खुलवाने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में डीएम ने गांव चाटन में तैनात लेखपाल राजवीर सिंह को निलंबित कर दिया। पूरे मामले में शिकायत मिलने के बाद हुई जांच के बाद डीएम ने लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं, तहसीलदार चंदौसी को आगे की जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विज्ञापन
डीएम के मुताबिक, जनसुनवाई के तहत तहसील चंदौसी के गांव चाटन निवासी गजराम सिंह ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि गांव में तैनात लेखपाल से चक मार्ग खुलवाने के लिए कहा था। बावजूद इसके, लेखपाल की ओर से चक मार्ग खुलवाने की बजाय उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। वहीं, शिकायत की गई कि, चक मार्ग खुलवाने के एवज में लेखपाल की ओर से नेपाल नामक व्यक्ति के माध्यम से 15 हजार रुपये रिश्वत लिए जाने से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इस पर डीएम ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए एसडीएम चंदौसी नीतू रानी को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के बाद लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। साथ ही, डीएम ने स्पष्ट कर दिया कि भ्रष्टाचार व जन सुनवाई से जुड़ीं शिकायतों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।