चंदौसी क्षेत्र में खन्नूपुरा बूथ पर मतदान बहिष्कार के बाद मतदाताओं को समझाते फिरोज खां। अमर उजाला
नेता सिर्फ चुनाव में ही दिखते हैं, पूरे समय दिक्कत हमें होती हैं, कोेई बारात भी आती है तो युवा डांस तक नहीं कर पाते, कोई चारपहिया वाहन गांव के अंदर नहीं जा पाता, क्योंकि सड़कें टूटी हैं, जगह जगह जलभराव है। जिससे आक्रोशित बिलारी विधान सभा क्षेत्र (आंशिक) के गांव खन्नूपुरा के मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। जिससे खलबली मच गई। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की बात भी नहीं मानी लेकिन बाद में सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां के समझाने पर पूर्वाह्न 11 बजे मतदान शुरू हुआ।
ग्राम पंचायत रतनपुर के मजरा ग्राम खन्नूपुरा में मतदान के दिन सुबह सात बजे मतदान तो शुरू हुआ लेकिन कुल 663 वोटरों वाले इस बूथ पर 98 वोट डालने के बाद ही पूरे गांव की बैठक करके मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। कहा कि जब कोई विकास कार्य कराता ही नहीं तो हम मतदान क्यों करें ? गांव के वेदपाल, श्यौराज सिंह, धर्मपाल, प्रेम सिंह, कृपाल सिंह, रामवीर सिंह व लेखराज ने कहाकि यादव बाहुल्य गांव है, सपा की सरकार है लेकिन गांव की कोई गली ऐसी नहीं, जिससे चार पहिया वाहन निकल सके।
जलभराव, गंदगी से लोग बीमार हो रहे हैं। एसडीएम, सीओ पहुंचे लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में जिलाध्यक्ष फिरोज खां, जिला महासचिव हरवीर सिंह यादव पहुंचे। ग्रामीणो ने उन्हें गलियां दिखाई।