चंदौसी में लवकुश एकेडमी में परीक्षा के दौरान भरत नाट्यम पेश करतीं छात्राएं।
प्रयाग संगीत समिति की ओर से लवकुश डांस एकेडमी चंदौसी में भरतनाट्यम की वार्षिक मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। इसमें युवतियों ने भरतनाट्यम की शानदार प्रस्तुति से प्राचीन नृत्य विधा की अनुभूति करा दी। मनमोहक नृत्य देखकर इलाहाबाद से आए परीक्षक भी स्तब्ध रह गए। मौजूदा दौर में पाश्चात्य सभ्यता के अंधानुकरण से एक ओर जहां युवा आधुनिक नृत्य की ओर आकर्षित हो रहा है, वहीं, भारतीय मूल की इस नृत्य विधा को सभ्य, शालीन और आत्मिक सुख की अनुभूति कराती है।
इस शैली को जीवंत रखते हुए लवकुश डांस एकेडमी की छात्राओं की प्रस्तुति को सराहा गया। नृत्य प्रशिक्षिका डा. कविता गुप्ता की देखरेख में भरत नाट्यम नृत्य की परीक्षा में 35 छात्राओं ने भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुत किया। अड़बू, शब्दम, वर्णम, अलारिपु, तिल्लाना आदि की कुशल व नयनाभिराम प्रस्तुति से परीक्षण भी झूम उठे। छात्राओं ने क्रियात्मक खंड का ही शानदार प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि मौखिक परीक्षा में बेबाक उत्तर दिए। इस मौके पर व्यवस्थापक अरविंग गर्ग भी मौजूद रहे।