संभल के मोहल्ला कोट पूर्वी में खराब पड़ा हैंडपंप।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के मोहल्ला कोटपूर्वी के बाशिंदे पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों को पानी के लिए दूसरे घरों के चक्कर लगाने पड़ रहे है। घरों में लगी टंकियों में नगर पालिका की आपूर्ति का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मोहल्ले में लगे सरकारी हैंडपंप खराब हालत में है। ऐसी भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए बेहाल है।
गर्मी ने तो वैसे ही लोगों का जीना बेहाल कर रखा है। इसके साथ ही लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। जी हां शहर के मोहल्ला कोटपूर्वी वार्ड 16 के लोग इस समस्या से जूझ रहे है। पिछले एक माह से लोगों के घरों में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। जिसके कारण चार दर्जन घरों में पानी का संकट छाया हुआ है।
प्यास बुझाने के लिए लोग सरकारी हैंडपंप पर पहुंचते भी तो वह खराब पड़े है। इस परेशानी से जूझ रहे लोग उन घरों से पानी लाने के लिए मजबूर है। जिन घरों में सबमर्सिबल लगे हुए है। क्योंकि कुछ लोगों के घरों में निजी हैंडपंप भी नहीं है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर पाइप लाइन टूटी हुईं हैं। कुछ घरों में पानी जा रहा है तो वहां दूषित पानी आ रहा है। उस पानी को लोग पीना तो दूर हाथ धोना भी पसंद नहीं करते। नगर पालिका से शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हो सका।
वहीं, सभासद राजेंद्र पाल ने कहा मोहल्ला कोटपूर्वी सूरज प्लाट के पीछे गली में पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। कई घरों की टंकियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोगों को एक-दूसरे के घरों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। मोहल्ले में लगे सरकारी हैंडपंप खराब पड़े है। मैंने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।