चंदौसी (संभल)। नगर के मोहल्ला लक्ष्मणगंज वारिसनगर में लोग टूटी सड़कों और गंदगी से परेशान है। सोमवार को आक्रोशित लोगों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मणगंज वारिसनगर में अव्यवस्थाएं हावी हैं। मुख्य सड़क बेहद जर्जर हालत में है। जिसकी वजह से लोगों को आवागमन मेें परेशानी होती है। सड़क में गड्ढे-गड्ढे नजर आते हैं। जिसकी वजह से लोग चोटिल हो रहे हैं। हादसे की डर से ई-रिक्शा चालकों ने इधर आना ही बंद कर दिया है। रही कसर जलनिगम की लीकेज पाइप लाइन पूरी कर देती हैं। सुबह शाम सड़क पर पानी बहता रहता है। जिससे सड़कों पर जलभराव और कीचड़ हो जाता है। नगर पालिका में लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं। आरोप है कि अधिकारी शिकायतों को सुनने के बाद समाधान नहीं करते हैं। उन्हें अभी तक आश्वासन मिलता रहा है। इसी से गुस्साए लोगों ने नौशाही मस्जिद के पास एकत्र होकर कीचड़ में उतरकर नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में रिहासत खां, मुबारिक हुसैन, सादाब हुसैन, फूल जहां, नूरजहां, मोहम्मद रजा, समीम अहमद, शमशाद हुसैन, अजहर आदि थे।