चंदौसी। भीषण गर्मी के बीच सीएचसी में रोजाना 50 से 60 के बीच उल्टी-दस्त के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के साथ ओआरएस की खपत भी बढ़ गई है और अस्पताल से प्रतिदिन 200 से अधिक पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को तत्काल राहत देने के लिए सीएचसी में कोल्ड रूम की भी व्यवस्था की है।
भीषण गर्मी के बीच सीएचसी में उल्टी-दस्त के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। अस्पताल में रोजाना 50 से 60 के बीच मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। मरीजों में डिहाइड्रेशन की समस्या को देखते हुए ओआरएस का वितरण भी बढ़ा दिया गया है।
सीनियर फार्मासिस्ट महेश चंद्र ने बताया कि रोजाना 200 से अधिक ओआरएस पैकेट मरीजों को वितरित किए जा रहे हैं। वहीं, एक महीने में ओआरएस के छह से सात हजार पैकेटों की खपत हो रही है। मरीजों को समय पर राहत मिल सके, इसके लिए अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस का स्टॉक रखा गया है।
गर्मी और उल्टी-दस्त से बचाव के लिए सीएचसी परिसर में विशेष काउंटर भी बनाया गया है। यहां आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को जिंक की गोलियां और ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, मरीजों को साफ पानी पीने, बासी भोजन से परहेज करने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
...............................
तेज गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने से उल्टी-दस्त की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ का सेवन करना चाहिए।
डॉ. हरवेंद्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी
.......................................
ऐसे करें बचाव
-साफ व उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पीएं।
-बासी, खुले में रखे और कटे हुए फल खाने से बचें।
-भोजन करने से पहले साबुन से हाथ धोएं।
-तेज धूप में निकलने पर पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेते रहें।
-उल्टी-दस्त होने पर तुरंत ओआरएस घोल पीना शुरू करें।
-बच्चों और बुजुर्गों में पानी की कमी के लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
-ज्यादा उल्टी, लगातार दस्त या कमजोरी होने पर अस्पताल में जांच कराएं।