चंदौसी(संभल)। कोतवाली क्षेत्र के लाठी बाजार में शुक्रवार की दोपहर दादी के साथ दवा लेने आई चार साल की बच्ची को अगवा करने का प्रयास किया गया। बच्ची को लेकर भाग रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया और धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली आ गई।
मोहल्ला होली के रहने वाले राहुल अग्रवाल की चार वर्षीय पुत्री अंबिका अग्रवाल अपनी दादी कमलेश के साथ लाठी बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने आई थी। दादी दुकान के अंदर जाकर दवा ले रही थीं। जबकि मासूम बच्ची दुकान के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी। इस बीच एक युवक बच्ची के पास पहुंचा और उसे गोद में उठा कर भागने लगा। बच्ची के चीखने पर आसपास मौजूद लोगों ने दौड़ कर युवक को पकड़ लिया। मौके पर भीड़ लग गई। भीड़ ने युवक की पिटाई लगा दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और बहजोई के आदमपुर क्षेत्र का रहने वाला है। इस मामले में तहरीर भी मारपीट की मिली है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।