बहजोई। संभल कल्कि महोत्सव के छठे दिन की संध्या सदाबहार गीतों के नाम रही। पार्श्व गायिका गुल सक्सेना ने अपनी टीम के साथ प्रस्तुति दी। अन्य कलाकारों ने भी खूब रंज जमाया। महोत्सव में गीतों से कलाकारों ने समां बांध दिया।
बृहस्पतिवार को सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप कुमार सिंह ने किया। पार्श्व गायिका गुल सक्सेना ने अपनी पहली प्रस्तुति पहला नशा पहला खुमार गीत की दी। इसके बाद उन्होंने तेरे मस्त मस्त दो नैन, तेरा नाम रख दिया, प्यार करने वाले प्यार करते हैं शान से, परदेसिया ये सच है पिया, इश्क वालों से न पूछो व अन्य कई गीतों पर प्रस्तुति दी। दर्शकों ने गुल सक्सेना की मधुर आवाज को खूब सराहा। मालूम हो गुल सक्सेना चंदौसी की रहने वाली हैं और मुंबई में रहती हैं। वहीं दूसरी ओर महोत्सव में चंदौसी निवासी काजल त्यागी ने भी प्रस्तुति दी। उन्होंने अजीब दास्तां और मेरी कहानी गीत गाकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। इस दौरान भाजपा नेता व अधिकारी मौजूद रहे।