कुढ़फतेहगढ़। गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। यहां चिकित्सक की तैनाती न होने के कारण लैब टेक्नीशियन (एलटी) ही मरीजों को सामान्य बीमारियों की दवाई देता है। ऐसे में मरीजों को करीब 15 किलोमीटर दूर चंदौसी सीएचसी आना पड़ रहा है। यहां हफ्ते में दो दिन दूसरी पीएचसी से आए चिकित्सक आते हैं।
थाना कुढ़फतेहगढ़ की पीएचसी पर गांव दियौरा खास, मिलक, धूमनगर, फैजुल्लापुर, सहवाजपुर, धर्मपुर कुईया, लालपुर, चैचरी सहित करीब 25 गांवाें के मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचते हैं। यहां पहले फार्मासिस्ट देवेंद्र मरीजों का उपचार करते थे। लेकिन बीते दिनों उनका भी दूसरी जगह स्थानांतरण हो गया। अब पीएचसी पर लैब टेक्नीशियन नेत्रपाल मौर्य, स्टाफ नर्स शिल्पी और वार्ड बाॅय अमित की ही तैनाती है। चिकित्सक के अभाव में एलटी ही सामान्य बीमारियों के मरीजों को दवाई देता है।
सिर्फ हफ्ते के मंगलवार और बृहस्पतिवार को ही रतनपुर बेरनी पीएचसी के चिकित्सक डॉ. मुराद ही इस पीएचसी पर मरीजों को देखने के लिए आते हैं। बाकी दिन लैब टेक्नीशियन ही मरीजों का सहारा है।
यहां बेहतर दवा व स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीज निजी व अप्रशिक्षित चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं या फिर उन्हें ज्यादा दूरी का सफर कर चंदौसी सीएचसी उपचार के लिए आना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार शासन व जनप्रतिनिधियों से पीएचसी पर चिकित्सक की तैनाती करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही मिलती है। जिस कारण ग्रामीणों को निजी चिकित्सक या फिर चंदौसी सीएचसी जाना पड़ रहा है।
................
कुढ़फतेहगढ़ की पीएचसी पर चिकित्सक की तैनाती के लिए शासन को लगातार डिमांड भेजी जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही विभाग द्वारा चिकित्सक की तैनाती पीएचसी पर कर दी जाएगी।
-डॉ. विश्वास अग्रवाल, चिकित्सक अधीक्षक, नरौली सीएचसी