चंदौसी। रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार करने के साथ ही रेलवे की ओर से यात्री सुविधाओं में भी इजाफा किया जा रहा है। वहीं, रेलवे स्टेशन की प्लेटफार्म संख्या एक बन रहे ओवरब्रिज पर लिफ्ट लगाए जाने की शुरुआत भी हो गई है। इसके लिए कायाकल्प योजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या एक जीआरपी थाना के निकट लिफ्ट के लिए ढांचे का निर्माण शुरू हो गया है। बाद में ओवरब्रिज तथा उसके बाद प्लेटफार्म संख्या दो पर लिफ्ट के लिए पहले ढांचे का निर्माण होगा। बाद में लिफ्ट लगाई जाएगी। खास बात यह है कि अब उम्रदराज, दिव्यांग व बीमार यात्रियों समेत महिलाओं आदि को सीढि़यों के सहारे ओवरब्रिज के माध्यम से प्लेटफॉर्म संख्या एक से दूसरे पर जाने के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी और ट्रेन तक पहुंचने के लिए भी यात्रियों को देरी नहीं होगी। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। रेलवे अफसरों की मानें तो ओवरब्रिज के माध्यम से प्लेटफॉर्म संख्या एक से दूसरे तक जाने के लिए एक बार में करीब आठ से दस लोग लिफ्ट में सवार हो सकेंगे। इससे समय की बचत भी होगी। इसके अलावा ओवरब्रिज तक जाने के लिए सीढि़यां भी बनाई जाएंगी। यदि कभी लिफ्ट के संचालन में कोई दिक्कत आती है, तो यात्री सीढि़यों के सहारे ओवरब्रिज के माध्यम से प्लेटफॉर्म संख्या एक से दूसरे तक जा सकेंगे। बता दें कि चंदौसी रेलवे स्टेशन पर अमृत योजना के तहत 18 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प का जो कार्य किया रहा है, इसमें संयुक्त प्रतीक्षालय, शौचालय, बैठने के लिए लॉज, फुट ओवरब्रिज, स्टेशन के फ्रंट का विकास व सौंदर्यीकरण तथा प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण आदि कार्य शामिल हैं।