संभल। पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति और अतिरिक्त विभागीय कार्य थोपे जाने का विरोध जताया है। विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर सचिवों ने काम किया। कहा गया कि चार और पांच दिसंबर को पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे। पवांसा में स्थित बीडीओ कार्यालय पर सोमवार को ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। बताया कि ग्राम विकास अधिकारी 15 दिसंबर तक अलग-अलग तरीके से विरोध जताएंगे। पदाधिकारियों का कहना है कि अन्य विभागों के कार्य को लेकर कर्मचारी पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। रात के समय में भी अन्य विभागों के कार्य को लेकर चिंतित रहते हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत सिंह ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्थाएं पूरी नहीं है, ऐसे में ऑनलाइन उपस्थिति लगा पाना संभव नहीं है, इसके बावजूद भी शासन के द्वारा कर्मचारियों पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। कहा कि यदि ऑनलाइन उपस्थिति लागू करनी है तो ग्राम पंचायत सचिव की तरह ऑनलाइन उपस्थिति सिस्टम ग्राम स्तर पर कार्य अन्य सभी ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के लिए भी करें। सचिव अब उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। इसे तेज किया जाएगा।
इस दौरान अजीत सिंह, रामतौर, संजीव कुमार, सौरभ कुमार, संजय सिंह, गौरव सागर, सुहेल खान, आकाश बाबू, सुधीर कुमार, सत्येंद्र कुमार आदि रहे।