संभल। असमोली ब्लॉक में नामांकन पत्र 400 रुपये का विंडो से बेचा गया। जबकि इसकी कीमत 300 रुपये अदा करनी थी। नामांकन पत्र खरीदने आए लोगों ने विरोध किया तो नामांकन पत्र बेचने वाले लोगों ने पत्र देने से इनकार कर दिया। मजबूरन लोगों ने 400 रुपये में ही नामांकन पत्र खरीदे। जब इस बारे में खड विकास अधिकारी से जानकारी ली तो उन्होंने जानकारी होने से इनकार कर दिया।
शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई तो नामांकन पत्र खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान सामाजिक दूरी टूटी और मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गांव देहरी जग्गू निवासी मोहित शर्मा ने बताया कि वह नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे तो विंडो पर बैठे पत्र विक्रेता ने 400 रुपये की मांग की। जब बताया कि 300 रुपये का नामांकन पत्र है तो उसने देने से इनकार कर दिया। मजबूरन 400 रुपये में ही लेना पड़ा।
खंड विकास अधिकारी रेणु कुमारी ने बताया कि नामांकन पत्र की कीमत ज्यादा ली गई इसकी जानकारी नहीं है। जो रेट तय था वही लिया जाना चाहिए था। इस मामले की कोई शिकायत भी नहीं आई।