संभल। हयातनगर थाना पुलिस ने प्रधान पद के दावेदार के घर से रसगुल्ले पकड़े हैं। यह रसगुल्ले मतदाताओं को लुभाने के लिए घर-घर बांटे जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रसगुल्ले जब्त कर लिए और थाने ले गए। प्रत्याशी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोमवार की शाम हयातनगर पुलिस को सूचना मिली कि गांव कैली में प्रधान पद का दावेदार रसगुल्ले बांट रहा है। इसकी पैकिंग घर में की जा रही है। सूचना पर सक्रिय हुए थाना प्रभारी निरीक्षक फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। रसगुल्ले जहां पैक किए जा रहे थे, वहां पहुंचे तो पैकिंग कर रहे लोग भाग गए। पुलिस ने करीब दो क्विंटल से ज्यादा रसगुल्ले जब्त किए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधान पद का दावेदार मतदाताओं को लुभाने के लिए रसगुल्ले बांट रहा था। पुलिस ने जब्त किए हैं। आचार संहिता लागू होने और पुलिस और प्रशासन की सख्त हिदायत के बाद भी प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। दो दिन पहले गांव सैफखां सराय में प्रधान पद के दावेदार ने बिरयानी बांटी थी। जिसमें पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की थी। अब गांव कैली में रसगुल्ले पकड़े गए हैं। हयातनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना का कहना है कि रसगुल्ले दावेदार के घर से पकड़े हैं। यह रसगुल्ले गांव में मतदाताओं को बांटे जा रहे थे। कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।