चंदौसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में खाली रहे ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य पद के पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी हो गई है। संभल जनपद में चार ग्राम प्रधान और 1799 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान होगा। उपचुनाव के कार्यक्रम की तिथियां घोषित कर दी गईं हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने त्रिस्तरीय पंचायत के खाली पदों को भरने के लिए उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना को लेकर डीएम संभल ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की दो मई को मतगणना समाप्ति के बाद किन्हीं कारणों से जनपद से तीन ग्राम प्रधान व 1799 ग्राम पंचायत पंचायत सदस्यों के पद खाली रह गए थे।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उपचुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। छह जून को सभी ब्लॉक में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। शाम को पांच के बाद नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सात जून को सुबह आठ से शाम तीन बजे तक नाम वापसी होगी, सात जून को ही शाम तीन बजे से चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 12 जून को सभी पदों के लिए सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 14 जून की सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।