बहजोई। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में बने जिला पंचायत सदस्य समेत विकासखंड दफ्तर पर बने ग्राम प्रधान पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के काउंटरों पर प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
रविवार सुबह 8 बजे से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए तय किए गए कृषि रक्षा इकाई भवन के चारों कक्षों व विकासखंड दफ्तर पर बने ग्राम प्रधान समेत क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए निर्वाचन अधिकारी अपने-अपने काउंटरों पर पहुंच गए। बावजूद इसके जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चारों काउंटरों पर तय समय तक नामांकन दाखिल करने के लिए आने वालों की संख्या पहले दिन की अपेक्षा कम रही।
वहीं ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशी शाम तक आते रहे। विकासखंड के निर्वाचन अधिकारी/ जिला उद्यान अधिकारी सुघर सिंह ने बताया कि दूसरे दिन शाम तक नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया ठीक रही। वहीं कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह व थाना कुढफतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक वरुण कुमार मय पुलिस के तैनात रहे। खुफिया तंत्र भी अलर्ट रहा।