जुनावई (संभल)। डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडे ने बृहस्पतिवार को गांव चित्रकारी में पंचायत भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने गैरहाजिर मिली पंचायत सहायिका पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवन में साफ-सफाई न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम सचिव को प्रतिमाह ग्राम पंचायत में बैठक करने के आदेश दिए।
डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडे के द्वारा बृहस्पतिवार को चित्रकारी ग्राम पंचायत में पंचायत भवन के निरीक्षण करने के दौरान पंचायत सहायिका प्रियंका कुमारी नदारद मिली। ग्रामीणों ने डीपीआरओ को बताया कि पंचायत सहायिका काफी समय से मुरादाबाद में रह रही हैं। जिसके चलते ग्रामीणों का कोई भी कार्य ग्राम पंचायत भवन पर नहीं होता। इस पर उन्होंने ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी कुलदीप कुमार से पंचायत सहायिका के संबंध में लिखित जानकारी प्राप्त की। साथ ही सहायक विकास अधिकारी को पंचायत सहायिका की जांच कर खामियां मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वही जिला पंचायत राज अधिकारी ने मिठनपुर गांव स्थित कूड़ा संग्रह केंद्र को तीन दिन के अंदर क्रियाशील करने के आदेश दिए।