संभल। संभल पुनर्गठन योजना के तहत मुरादाबाद मार्ग पर वाजिदपुरम के पीछे ओवरहेड टैंक का कार्य फिर से शुरू हुआ है। इस ओवरहेड टैंक की लागत 10 करोड़ रुपये और क्षमता 1500 लाख किलोलीटर है। इससे वार्ड 4 के शहजादी सराय की करीब नौ हजार की आबादी को पेयजल आपूर्ति की जानी है।
संभल पुनर्गठन योजना के में सात ओवरहेड टैंक बनाए जाने हैं और सात ओवरहेड टैंक की मरम्मत होनी है। शहर में 270 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने का काम भी होना है। इस परियोजना पर करीब 170 रुपये खर्च होने हैं। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर वाजिदपुरम के पीछे ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ था। इसकी जिम्मेदारी गुजरात की लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन फर्म को दी गई थी। ओवरहेड टैंक का फाउंडेशन तैयार कराने का कार्य रुक गया क्योंकि निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बजरी और बजरपुट के सैंपल की जांच रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी से नहीं मिली थी। करीब तीन महीने तक काम रुका रहा और होली से पहले ही जांच रिपोर्ट मिल सकी।
इसके बाद फिर से काम शुरू हुआ है। इस समय 22 मजदूर फाउंडेशन के कार्य में लगे हैं। फर्म के सुपरवाइजर बंटी ने बताया कि फाउंडेशन में करीब 80 सेंटीमीटर बजरी, बजरपुट लगाए जाने की तैयारी है। यह कार्य पूरा होने पर अगला काम शुरू कराया जाएगा। बताते चलें कि ओवरहेड टैंक का निर्माण होने से बड़ी आबादी को पेयजल आपूर्ति मिलेगी तो लोग सहूलियत महसूस करेंगे।