सरायतरीन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव लठीरा में रविवार की सुबह पशुओं को पानी पिलाने को लेकर चचेरे-तहेरे भाइयों में पथराव हो गया। इसमें कृष्णा देवी और बबीता गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों में चले लाठी-डंडे और छत से पथराव किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव लठीरा के निवासी उदयवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे पत्नी और पुत्रवधू पशुओं को पानी पिला रही थीं। तभी परिवार की ही महिलाएं और लोगों से कहासुनी हो गई। आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर घर में घुसकर लाठी-डंडे से मारपीट की। पत्नी और पुत्रवधू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जैसे तैसे मोहल्ले की जिम्मेदार लोगों ने मामला शांत कराया, जिसके कुछ देर बाद ही दूसरे पक्ष के लोगों ने अपनी छत से पथराव शुरू कर दिया। पथराव होने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर पथराव कर रहे परिवार के लोग मौके से फरार हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के राजेश का आरोप है कि पशुओं को पानी पिलाने को लेकर परिवार के लोगों बेवजह गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर अचानक से ही लाठी-डंडे से मारपीट की गई। मोहल्ले के जिम्मेदार लोगों ने मामले को शांत कर दिया लेकिन कुछ देर बाद ही अपनी छत से पथराव शुरू कर दिया। घटना की तहरीर अभी पुलिस को नहीं दी है।