सरायतरीन। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से बृहस्पतिवार को मंडल पवांसा में जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकालकर विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। विपक्ष पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की गई।
भाजपा की महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा के तहत मनोरमा राघव आदर्श इंटर कॉलेज में एकत्रित होकर पदयात्रा शुरू की। इसके बाद रामलीला मैदान पर जाकर समाप्त हुई। महिलाओं ने विपक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिलाओं का शोषण किए जाने का आरोप लगाया। महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पारित न होने को लेकर विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पदयात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य अवधेश प्रताप सिंह राघव और मंडल अध्यक्ष गंगा राम सैनी ने किया।
जिपंस ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण बिल लाने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्ष ने इसमें सहयोग करने के बजाय इसका विरोध किया। विपक्ष ने महिलाओं के खिलाफ सदन में जमकर विरोध किया। अब लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष को मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ गया है। विपक्ष हमेशा महिलाओं के ही खिलाफ रहा है।
इस दौरान महिला मोर्चा की जिला महामंत्री विजया राघव, उपाध्यक्ष कमलेश गुप्ता, मंडल महामंत्री डॉ संतोष यादव, रितु यादव, गीता, सोनी, अनिता, शांति देवी, कुलदीप सैनी, ललित, नेत्रपाल यादव आदि मौजूद रहे।